August 23, 2026

फरीदाबाद में कांग्रेस की बैठक के बाद दो नेताओं में विवाद, धक्का-मुक्की तक पहुंची बात

फरीदाबाद कांग्रेस बैठक के बाद भारत अरोड़ा और ईशांत कथूरिया के बीच विवाद

Faridabad/Alive News: कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान की बैठक के बाद फरीदाबाद में पार्टी के दो नेताओं के बीच विवाद हो गया। भारत अरोड़ा और ईशांत कथूरिया के बीच पहले तीखी बहस हुई और बाद में मामला धक्का-मुक्की तक पहुंच गया। मौके पर मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दोनों को शांत कराया।

शनिवार को कांग्रेस की ओर से संगठन सृजन अभियान के तहत बैठक आयोजित की गई थी। बैठक से पहले मीडिया ब्रीफिंग भी हुई। ब्रीफिंग समाप्त होने के बाद भारत अरोड़ा और ईशांत कथूरिया के बीच कांग्रेस की बैठक में शामिल होने को लेकर बहस शुरू हुई।

बताया गया कि ईशांत कथूरिया ने भारत अरोड़ा के कांग्रेस की बैठक में आने पर सवाल उठाते हुए उन्हें गैर-कांग्रेसी बताया। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति कांग्रेस के खिलाफ चुनाव लड़ चुका है, उसे पार्टी की बैठक में शामिल नहीं होना चाहिए। इस बात पर भारत अरोड़ा नाराज हो गए और दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।

धक्का-मुक्की के बाद शांत कराया मामला

बहस बढ़ने के बाद दोनों नेताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। वहां मौजूद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया। कुछ देर तक दोनों के बीच जुबानी विवाद चलता रहा। बाद में मामला शांत होने पर भारत अरोड़ा वहां से चले गए।

विवाद के बाद भारत अरोड़ा ने कहा कि वह लंबे समय से कांग्रेस परिवार से जुड़े हुए हैं और उनके पास पार्टी की सदस्यता है। उन्होंने कहा कि उन्हें गैर-कांग्रेसी कहना स्वीकार नहीं है।

वहीं ईशांत कथूरिया ने कहा कि भारत अरोड़ा ने कांग्रेस के खिलाफ निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर पार्षद का चुनाव लड़ा था। उनका कहना है कि उन्होंने केवल इसी बात को लेकर सवाल उठाया था कि कांग्रेस की बैठक में गैर-कांग्रेसी व्यक्ति क्यों मौजूद है।

जिला अध्यक्ष बोले- मुझे बाद में पता चला

कांग्रेस जिला अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने कहा कि वह बैठक में व्यस्त थे और उन्हें दोनों नेताओं के विवाद की जानकारी बाद में मिली। उनके अनुसार, जब तक उन्हें घटना का पता चला, तब तक दोनों शांत हो चुके थे और अन्य साथियों ने मामला संभाल लिया था।

उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति किसी पार्टी से अलग होकर निर्दलीय चुनाव लड़ता है, तो बाद में उसके पार्टी में दोबारा शामिल होने की संभावना रहती है।

कांग्रेस की संगठन सृजन अभियान बैठक के बाद हुआ यह विवाद अब फरीदाबाद की स्थानीय राजनीति में चर्चा का विषय बना हुआ है।