Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की थाना आदर्श नगर टीम ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, शिकायतकर्ता मोहित कुमार निवासी प्रेमगढ़ यादव कॉलोनी, बल्लभगढ़ ने बताया था कि 25 मई को वह अपने भाई शिवम के साथ सेक्टर-62 से मोटरसाइकिल पर घर लौट रहा था। मलेरना रोड के पास उन्हें कुछ लोगों ने रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान मुख्य आरोपी ने पहले लाठी से शिवम के सिर पर हमला किया और बाद में चाकू से उसके पेट पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। शिकायत के आधार पर थाना आदर्श नगर में हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता मोहित, उसका भाई शिवम और गिरफ्तार आरोपी तीनों टेंपो चलाने का काम करते हैं। कुछ समय पहले आपसी कहासुनी के बाद उनके बीच विवाद हो गया था। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर दोनों भाइयों पर हमला किया और शिवम को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी लगातार फरार था और गिरफ्तारी से बचने के लिए राजस्थान के नारनौल क्षेत्र में छिपा हुआ था। हाल ही में उसके फरीदाबाद लौटने की सूचना मिलने पर थाना आदर्श नगर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर 13 जुलाई को उसे गिरफ्तार कर लिया।

