September 11, 2026

फरीदाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 7 उद्घोषित अपराधी गिरफ्तार, वर्षों से थे फरार

फरीदाबाद पुलिस द्वारा गिरफ्तार सात उद्घोषित अपराधी (POs)

Faridabad/Alive News: फरार और उद्घोषित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फरीदाबाद पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की विभिन्न अपराध शाखाओं ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 7 उद्घोषित अपराधियों (POs) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। सभी आरोपी लंबे समय से अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे थे।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने वर्ष 2006 में थाना शहर बल्लभगढ़ में दर्ज चोरी के मामले में उद्घोषित अपराधी रमेश को गिरफ्तार किया। इसी टीम ने थाना सेंट्रल में दर्ज चोरी के एक अन्य मामले में पिछले चार वर्षों से फरार उद्घोषित अपराधी मिलेश उर्फ लिली को भी गिरफ्तार किया।

वहीं अपराध शाखा सेक्टर-16 की टीम ने थाना छांयसा में दर्ज मारपीट के मामले में करीब आठ वर्षों से फरार चल रहे उद्घोषित अपराधी धर्मपाल और रवि को गिरफ्तार किया।

अपराध शाखा सेक्टर-85 ने थाना सूरजकुंड में दर्ज चोरी के मामले में फरार उद्घोषित अपराधी हैदर उर्फ टमाटर को गिरफ्तार किया।

इसके अलावा अपराध शाखा भूपानी की टीम ने अवैध हथियार और चोरी के मामलों में करीब आठ वर्षों से फरार उद्घोषित अपराधी अनिल और जावेद उर्फ बोबी को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी उद्घोषित अपराधियों को संबंधित मामलों में माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।