Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच की अलग-अलग टीमों ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 252 पव्वा अवैध देसी शराब बरामद की है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पुलिस उपायुक्त अपराध राजेश कुमार मोहन के निर्देश पर अवैध शराब की तस्करी में शामिल आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत क्राइम ब्रांच डीएलएफ और क्राइम ब्रांच सेक्टर-16 की टीमों ने यह कार्रवाई की।
पहली कार्रवाई में 15 अगस्त को क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम ने सेक्टर-143 में एक खाली पड़ी दुकान से अवैध शराब बेच रहे आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 162 पव्वा देसी शराब बरामद हुई। इस मामले में थाना सेक्टर-58 में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
दूसरी कार्रवाई में क्राइम ब्रांच सेक्टर-16 की टीम ने संत नगर, एनआईटी फरीदाबाद से आरोपी को 90 पव्वा अवैध देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
फरीदाबाद पुलिस का कहना है कि अवैध शराब की तस्करी और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

