Faridabad/Alive News: थाना सारन पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके घर से 174 बोतल देसी और अंग्रेजी शराब बरामद की है। आरोपी बिना किसी वैध लाइसेंस के अपने घर से शराब बेच रहा था।
पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई को गुप्त सूचना मिली थी कि जवाहर कॉलोनी में एक व्यक्ति अपने घर में अवैध रूप से शराब बेच रहा है। सूचना के आधार पर थाना सारन पुलिस ने छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर से 110 बोतल अंग्रेजी शराब और 64 बोतल देसी शराब बरामद हुई। इसके बाद आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पेशे से दर्जी (टेलर) है। अतिरिक्त कमाई के लालच में वह अलग-अलग शराब ठेकों से शराब खरीदकर घर में जमा करता था और फिर बिना लाइसेंस के बेचता था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी आबकारी अधिनियम (Excise Act) के तहत मामला दर्ज है। इस मामले में थाना सारन में हरियाणा आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
फरीदाबाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब की बिक्री, भंडारण या तस्करी की जानकारी मिले तो इसकी सूचना कंट्रोल रूम नंबर 9999150000, डायल 112 या नजदीकी पुलिस थाना को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

