September 4, 2026

कॉकरोच जनता पार्टी ने खत्म किया आंदोलन, तीनों मांगें मानने का दावा

जंतर-मंतर पर आंदोलन समाप्त होने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस करते कॉकरोच जनता पार्टी के नेता।

New Delhi/Alive News: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने शनिवार को अपना आंदोलन समाप्त करने का ऐलान कर दिया। पार्टी के प्रवक्ता सौरभ दास और आशुतोष रांका ने केंद्रीय मंत्रियों जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी घोषणा की।

सौरभ दास ने कहा कि जंतर-मंतर पर मौजूद सभी प्रदर्शनकारी अब अपने-अपने घर लौट जाएं, क्योंकि आंदोलन की तीनों प्रमुख मांगें सरकार ने स्वीकार कर ली हैं।

आशुतोष रांका ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में सरकार के साथ तीन दौर की बातचीत हुई। इसके बाद सरकार ने उनकी तीनों मांगें मान लीं। इन मांगों में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, प्रदर्शनकारियों पर दर्ज सभी मामलों की वापसी और नीट पेपर लीक से प्रभावित छात्रों को 1 करोड़ रुपये का मुआवजा शामिल है।

इससे पहले शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की खबर सामने आते ही जंतर-मंतर पर मौजूद छात्रों और प्रदर्शनकारियों में खुशी का माहौल देखने को मिला। लोगों ने “छात्र एकता जिंदाबाद” के नारे लगाए, राष्ट्रगान गाया और NEET पेपर लीक के बाद जान गंवाने वाले छात्रों की याद में दो मिनट का मौन भी रखा।

नोट: यह जानकारी संबंधित पक्षों द्वारा किए गए दावों पर आधारित है। यदि सरकार की ओर से आधिकारिक पुष्टि या विस्तृत बयान जारी होता है, तो उससे स्थिति स्पष्ट होगी।