Faridabad/Alive News: फरीदाबाद नगर निगम ने शहर में अवैध रूप से कूड़ा फेंकने और कूड़ा जलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का फैसला किया है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर 50 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।
नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के निर्देश पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड लगाए जा रहे हैं। इन बोर्डों के माध्यम से लोगों को बताया जा रहा है कि सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकना, अवैध डंपिंग करना या कूड़ा जलाना पर्यावरण नियमों का उल्लंघन है।
एडिशनल कमिश्नर परमजीत चहल ने बताया कि नगर निगम का उद्देश्य केवल जुर्माना लगाना नहीं, बल्कि लोगों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना भी है। इसके लिए शहर में करीब 200 स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि जिन जगहों पर बार-बार कूड़ा डाला जाता है, वहां विशेष निगरानी रखी जाएगी। नियम तोड़ने वाले व्यक्तियों या संस्थानों के खिलाफ पर्यावरण संरक्षण अधिनियम और स्वच्छता नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम ने निगरानी के लिए 25 टीमों का गठन किया है। इनमें सफाई निरीक्षक और सहायक सफाई निरीक्षक शामिल हैं, जो शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध डंपिंग और कूड़ा जलाने की घटनाओं पर नजर रखेंगे।

