Faridabad/Alive News: हरियाणा सरकार की नशामुक्त प्रदेश नीति के तहत नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (HSNCB) लगातार कार्रवाई कर रहा है। अगस्त 2026 में HSNCB की फरीदाबाद, गुरुग्राम और रेवाड़ी यूनिट ने कुल 13 NDPS मामले दर्ज कर 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें एक विदेशी नागरिक भी शामिल है।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं HSNCB प्रमुख संजय कुमार, IPS के दिशा-निर्देशन और पुलिस उप-महानिरीक्षक राजेंद्र कुमार मीणा, IPS के नेतृत्व में की गई। प्रवर्तन कार्रवाई के साथ-साथ युवाओं और आम लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।
अगस्त में तीनों यूनिट ने 11 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इन कार्यक्रमों के जरिए विद्यार्थियों, युवाओं और आमजन समेत 1,675 से अधिक लोगों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाया गया।
नशीले पदार्थों की तलाश और संदिग्ध स्थानों की जांच को प्रभावी बनाने के लिए HSNCB के प्रशिक्षित नार्को डॉग स्क्वॉड की भी मदद ली गई। अगस्त में फरीदाबाद और रेवाड़ी क्षेत्र में नार्को डॉग की सहायता से कुल छह विशेष जांच अभियान चलाए गए। फरीदाबाद की राहुल कॉलोनी में भी विशेष जांच अभियान किया गया।
इन अभियानों के दौरान सार्वजनिक स्थानों, होटल-ढाबों और संवेदनशील क्षेत्रों में संदिग्ध वस्तुओं तथा नशीले पदार्थों की संभावित मौजूदगी की जांच की गई। ब्यूरो की ओर से नशे के खिलाफ कार्रवाई में आधुनिक और वैज्ञानिक तरीकों के इस्तेमाल पर जोर दिया जा रहा है।
फरीदाबाद यूनिट ने अगस्त में चार NDPS मामले दर्ज कर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान 344 ग्राम गांजा, ट्रामाडॉल और अल्प्राजोलम की 6,246 से अधिक टैबलेट और कैप्सूल, 40 ग्राम स्मैक तथा 5.744 किलोग्राम डोडा-चूरा पोस्त बरामद किया गया।
मामलों की जांच के दौरान संभावित अंतरराज्यीय कनेक्शन की पड़ताल के लिए उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर और अलीगढ़ में चार स्थानों पर कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा राहुल कॉलोनी में नार्को डॉग की मदद से विशेष जांच अभियान चलाया गया।
गुरुग्राम यूनिट ने अगस्त में छह मामले दर्ज कर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें एक विदेशी नागरिक भी शामिल है। कार्रवाई के दौरान 43.26 ग्राम कोकीन, 82.97 ग्राम MDMA और 7 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।
रेवाड़ी यूनिट ने भी नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अगस्त में तीन मामले दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस दौरान आठ बोतल कोडीन सिरप, 1,920 ट्रामाडॉल कैप्सूल और 7.12 ग्राम स्मैक बरामद की गई। DIG राजेंद्र कुमार मीणा ने कहा कि नशे के खिलाफ HSNCB की रणनीति केवल तस्करों को गिरफ्तार करने तक सीमित नहीं है। ब्यूरो का प्रयास नशे की सप्लाई चेन की पहचान कर उस पर प्रभावी कार्रवाई करने के साथ युवाओं और आम लोगों को जागरूक करना भी है।
उन्होंने कहा कि नार्को डॉग स्क्वॉड जैसे प्रशिक्षित संसाधनों के इस्तेमाल से जांच को और प्रभावी बनाया जा रहा है। नशामुक्त हरियाणा के लक्ष्य को हासिल करने के लिए कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समाज की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है।
DIG ने बताया कि दर्ज मामलों में आरोपियों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है। संभावित अंतरराज्यीय कनेक्शन का भी पता लगाया जा रहा है, ताकि नशे की सप्लाई से जुड़े पूरे नेटवर्क तक पहुंचा जा सके।

