October 20, 2026

गैस कनेक्शन एक्टिवेट करने के नाम पर 1.79 लाख की साइबर ठगी, दिल्ली के 2 आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद साइबर ठगी मामले में गैस कनेक्शन एक्टिवेट करने के नाम पर 1.79 लाख रुपये की ठगी और दो आरोपियों की गिरफ्तारी

Faridabad/Alive News: गैस कनेक्शन एक्टिवेट करने के नाम पर एक महिला से 1,79,168 रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। साइबर थाना एनआईटी की पुलिस टीम ने इस मामले में दिल्ली के बुराड़ी निवासी दो आरोपियों अभिषेक और आदित्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी डिलीवरी बॉय का काम करते हैं। अदालत में पेश करने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, एनआईटी क्षेत्र की रहने वाली महिला ने साइबर थाना एनआईटी में शिकायत दी कि 7 सितंबर को उसके पास एक अनजान नंबर से फोन आया था। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को अडानी गैस का कर्मचारी बताया और कहा कि उसका दो साल से बंद गैस कनेक्शन दोबारा एक्टिवेट कर दिया जाएगा।

इसके बाद आरोपी ने महिला के व्हाट्सऐप पर एक लिंक भेजा। महिला ने जैसे ही उस लिंक को खोला, उसका फोन हैक हो गया। कुछ ही समय में उसके बैंक खाते से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 1,79,168 रुपये निकाल लिए गए। शिकायत के आधार पर साइबर थाना एनआईटी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अभिषेक उस सिम कार्ड का धारक था, जिससे महिला को फोन किया गया था। वहीं, आदित्य ने यह सिम कार्ड आगे साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।