Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखाओं ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 684 ग्राम गांजा बरामद किया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, अपराध शाखा AVTS भूपानी की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति गांजा लेकर जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने सेक्टर-29 पुल के पास छापेमारी कर लक्कड़पुर निवासी विक्की (26) को गिरफ्तार किया। उसके पास से 474 ग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ थाना ओल्ड फरीदाबाद में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
वहीं, अपराध शाखा NIT की टीम ने राजीव कॉलोनी निवासी एक महिला को 210 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि महिला के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत एक मामला दर्ज है। उसके खिलाफ थाना सेक्टर-58 में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
फरीदाबाद पुलिस का कहना है कि जिले में नशा तस्करों और अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

