June 9, 2026

फरीदाबाद में दिव्यांगों और जरूरतमंदों के लिए स्वास्थ्य शिविर, 200 लोगों की जांच, 7 को मिली व्हीलचेयर

फरीदाबाद में स्वास्थ्य जांच एवं सहायक उपकरण वितरण शिविर में लाभार्थियों को व्हीलचेयर और अन्य उपकरण वितरित करते हुए

Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद द्वारा दिव्यांगजनों और जरूरतमंद नागरिकों के लिए एक विशेष स्वास्थ्य जांच एवं सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। नगर निगम मुख्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित इस शिविर में करीब 200 लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया।

कार्यक्रम में महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और ऐसे शिविर जरूरतमंद लोगों के लिए काफी मददगार साबित हो रहे हैं।

यह शिविर ALIMCO और डॉ. सूर्य प्रकाश आरोग्य केंद्र के सहयोग से ADIP और RVP योजना के तहत आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य दिव्यांगजनों और जरूरतमंद नागरिकों तक स्वास्थ्य सेवाएं और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना था।

शिविर में आंखों की जांच, ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर समेत कई स्वास्थ्य परीक्षण किए गए। जरूरतमंद लोगों को चश्मे उपलब्ध कराए गए, जबकि सुनने में समस्या वाले लोगों का हियरिंग एड के लिए मूल्यांकन किया गया।

इसके अलावा लाभार्थियों को छड़ी, कमर बेल्ट, टॉयलेट सीट, बैसाखियां और अन्य सहायक उपकरण वितरित किए गए। वहीं 7 पात्र लाभार्थियों को व्हीलचेयर भी प्रदान की गई। शिविर में व्हीलचेयर, ट्राईसाइकिल और अन्य उपकरणों के लिए आवेदन भी लिए गए।

महापौर ने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे, इसके लिए नगर निगम लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने लोगों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने और जरूरतमंदों तक इसकी जानकारी पहुंचाने की अपील की।

इस अवसर पर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नीतीश परवाल, निगम सचिव अनिल यादव, नॉमिनेट पार्षद जसवंत सैनी, पार्षद मनोज नास्वा सहित कई अधिकारी, चिकित्सक और निगम कर्मचारी मौजूद रहे।