Faridabad/Alive news: फ्लैट किराये पर लेने के नाम पर सेक्टर-46 निवासी एक व्यक्ति से 90 हजार रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। साइबर थाना एनआईटी की टीम ने इस मामले में बिहार के पटना निवासी दो आरोपियों गोपाल और श्रवण को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, ठगी की रकम गोपाल के बैंक खाते में आई थी। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सेक्टर-46 निवासी एक व्यक्ति ने अपना फ्लैट किराये पर देने के लिए ओएलएक्स पर पंजीकरण कराया था। 24 सितंबर को उसके पास एक अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को SBI बैंक का कर्मचारी बताया और कहा कि बैंक की पॉलिसी के तहत वह छह महीने का किराया 90 हजार रुपये और बिजली बिल के 42 हजार रुपये एडवांस में भेज रहा है।
कुछ देर बाद शिकायतकर्ता और उसकी पत्नी के मोबाइल पर रकम खाते में जमा होने के मैसेज आए। इसके बाद फोन करने वाले व्यक्ति ने कहा कि वह फ्लैट का किराया हर महीने देगा और पहले भेजी गई रकम वापस करने को कहा। शिकायतकर्ता ने बिना बैंक खाते का बैलेंस चेक किए, बताए गए खाते में तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 90 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में उसे साइबर ठगी का पता चला, जिसके बाद साइबर थाना एनआईटी में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी गोपाल बैंक खाते का धारक है। उसने अपना खाता आगे श्रवण को दिया था और इसी खाते में ठगी के 90 हजार रुपये आए थे। पुलिस के अनुसार, श्रवण 12वीं पास है और पानी सप्लाई का काम करता है, जबकि गोपाल मजदूरी करता है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

