November 22, 2026

चाय वाले से जबरन वसूली और मारपीट के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद में जबरन वसूली और मारपीट के मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपी।

Faridabad/Alive News: डबुआ थाना क्षेत्र में चाय वाले से जबरन वसूली करने और मारपीट के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान डबुआ कॉलोनी निवासी मन्नु और शुभम के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, डबुआ कॉलोनी निवासी नसीम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 16 और 17 नवंबर की रात उसके दोस्त फरदीन के साथ बौंचा और अन्य लोगों ने मिलकर मारपीट की थी। शिकायत के आधार पर थाना डबुआ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने मन्नु और शुभम को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी अपने दोस्त बौंचा और अन्य लोगों के साथ फरदीन से जबरन वसूली करने पहुंचे थे। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने फरदीन पर डंडों से हमला कर दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।