September 4, 2026

फरीदाबाद में सीलिंग कार्रवाई का रिटायर्ड सब-इंस्पेक्टर ने किया विरोध, 9 यूनिट सील

फरीदाबाद सेक्टर-76 में डीटीपी की सीलिंग कार्रवाई

Faridabad/Alive News: सेक्टर-76 में रिहायशी मकानों में चल रही कथित व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची डीटीपी की टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। आरोप है कि एक रिटायर्ड पुलिस सब-इंस्पेक्टर ने सीलिंग कार्रवाई का विरोध किया। बताया गया कि रिहायशी मकान में प्रॉपर्टी कार्यालय चलाया जा रहा था।

डीटीपी यजन चौधरी के अनुसार, टीम सेक्टर-76 के पी ब्लॉक में बिना अनुमति चल रही व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पहुंची थी। इसी दौरान संबंधित प्रॉपर्टी कार्यालय पर कार्रवाई शुरू होने पर रिटायर्ड सब-इंस्पेक्टर ने विरोध किया। मौके पर डीटीपी अधिकारी और रिटायर्ड पुलिसकर्मी के बीच बहस भी हुई।

पुलिस से मांगा गया सहयोग

डीटीपी अधिकारी ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से कार्रवाई में सहयोग करने और विरोध कर रहे रिटायर्ड अधिकारी को हटाने के लिए कहा। हालांकि, कुछ समय तक पुलिसकर्मी उन्हें हटाने के लिए आगे नहीं आए। इस पर डीटीपी अधिकारी ने पुलिस कमिश्नर से शिकायत करने की बात कही।

15 यूनिट में मिली व्यावसायिक गतिविधियां

डीटीपी अधिकारी के मुताबिक, विभाग को रिहायशी मकानों में व्यावसायिक गतिविधियां चलाए जाने की शिकायत मिली थी। जांच के दौरान करीब 15 यूनिट में ब्यूटी पार्लर, क्लिनिक, प्रॉपर्टी कार्यालय और बिना अनुमति नर्सिंग होम जैसी गतिविधियां संचालित होती मिलीं। संबंधित लोगों को पहले नोटिस देकर गतिविधियां बंद करने के निर्देश दिए गए थे।

नोटिस के बावजूद गतिविधियां जारी रहने पर गुरुवार को डीटीपी की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। कार्रवाई के दौरान 9 यूनिट को सील कर दिया गया। वहीं, 4 से 5 यूनिट संचालकों ने टीम के पहुंचने से पहले या कार्रवाई के दौरान खुद ही जगह खाली कर दी।

मरीज मिलने पर नर्सिंग होम को समय

कार्रवाई के दौरान एक नर्सिंग होम में मरीज भर्ती मिले। डीटीपी अधिकारी ने बताया कि मरीजों को दूसरी जगह शिफ्ट करने के लिए संचालक को सोमवार तक का समय दिया गया है। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।