Faridabad/Alive News: डायनेस्टी इंटरनेशनल स्कूल में प्रधानाचार्य नितिन वर्मा के दिशा-निर्देशन में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व भव्य और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और जीवन-मूल्यों से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीकृष्ण के पूजन और वंदना से हुई। विद्यार्थियों ने श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप और राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकियां प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। गीत, नृत्य और लघु नाटिका सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे विद्यालय परिसर को भक्तिमय बना दिया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनके उपदेशों से प्रेरणा लेकर सत्य, धर्म, कर्म, प्रेम और कर्तव्यनिष्ठा के मार्ग पर चलने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया गया।
विद्यालय की निदेशक कल्पना वर्मा ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें निरंतर कर्म करते हुए अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित रहने तथा सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्र और समाज के प्रति सकारात्मक सोच, जिम्मेदारी और कर्तव्यबोध का संदेश देते हुए हुआ। पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर श्रद्धा, उत्साह और उल्लास से सराबोर रहा।

