Faridabad/Alive News: थाना पल्ला पुलिस ने नकली ब्रांडेड उत्पाद तैयार कर बेचने के मामले में बांध रोड स्थित एक फैक्ट्री पर छापेमारी की। पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में नकली टाटा मोटर्स जेन्युइन DEF HP और इसे तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की। फैक्ट्री मालिक ज्वाला सिंह निवासी सूर्या विहार, पल्ला को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई C3I Consultant India Pvt. Ltd. के ऑपरेशन मैनेजर हरिराम शर्मा की शिकायत पर की गई। छापेमारी के दौरान 20 लीटर की 20 बाल्टियां, 10 लीटर की 4 बाल्टियां नकली DEF, 6 खाली बाल्टियां, 35 नीले ढक्कन, यूरिया के कट्टे और 79 सिल्वर रंग के स्टिकर बरामद हुए।
पूछताछ में सामने आया कि ज्वाला सिंह पिछले करीब 6-7 महीने से नकली DEF तैयार कर रहा था। पुलिस के मुताबिक, वह पानी और यूरिया के घोल से नकली उत्पाद तैयार कर ट्रक चालकों को सस्ते दामों पर बेचता था।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

