Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच बॉर्डर टीम ने अवैध हथियार रखने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक देसी कट्टा बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रितिक उर्फ अमन के रूप में हुई है। वह मूल रूप से गडोड, बागपत (उत्तर प्रदेश) का निवासी है और फिलहाल हरिनगर, दिल्ली में रह रहा था।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, क्राइम ब्रांच बॉर्डर की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि रितिक के पास अवैध हथियार है और वह दिल्ली-मथुरा बाईपास के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके से पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से एक अवैध देसी कट्टा बरामद किया। इसके बाद आरोपी के खिलाफ थाना सराय ख्वाजा में शस्त्र अधिनियम (Arms Act) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी नशे का आदी है और इसी वजह से वह फरीदाबाद अपने एक दोस्त के पास आया था। पूछताछ में उसने बताया कि उसे यह देसी कट्टा जैतपुर स्थित एक शराब ठेके के पास मिला था।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

