November 18, 2026

मोबाइल हैक कर साइबर ठगी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: मोबाइल हैक कर बैंक खातों से पैसे निकालने वाले साइबर ठगों के खिलाफ साइबर थाना एनआईटी ने कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में कुल 3,81,997 रुपये की साइबर ठगी की गई थी।

पहले मामले में सेक्टर-55 निवासी बिजली विभाग के जेई का मोबाइल हैक कर 11 ट्रांजेक्शन के जरिए दो बैंक खातों से 3,61,997 रुपये निकाल लिए गए थे। पुलिस ने इस मामले में राजस्थान के भीलवाड़ा निवासी दिलखुश को गिरफ्तार किया। उसने अपना बैंक खाता साइबर ठगों को उपलब्ध करवाया था।

दूसरे मामले में व्हाट्सऐप पर भेजे गए लिंक पर क्लिक करने से एक व्यक्ति का मोबाइल हैक हो गया और खाते से 20 हजार रुपये निकल गए। पुलिस ने राजस्थान निवासी अरविंद और रामनिवास को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए बैंक खाते उपलब्ध करवाए थे। पहले आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि दोनों अन्य आरोपियों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।