September 21, 2026

फरीदाबाद में साइबर ठगी के 4 मामलों में 5 आरोपी गिरफ्तार, 42 लाख से ज्यादा की ठगी

फरीदाबाद में साइबर ठगी के चार मामलों में साइबर थाना एनआईटी की कार्रवाई

Faridabad/Alive News: साइबर थाना एनआईटी की टीम ने साइबर ठगी के चार अलग-अलग मामलों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन मामलों में फोन सॉफ्टवेयर अपडेट, फोन हैक, शेयर मार्केट में निवेश और क्रेडिट कार्ड वाउचर के नाम पर ठगी की गई थी। चारों मामलों में ठगी की कुल रकम 42 लाख रुपये से अधिक है।

फोन सॉफ्टवेयर अपडेट के नाम पर 25,500 रुपये की ठगी

डबुआ कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी कि उसके मोबाइल फोन पर सॉफ्टवेयर अपडेट करने का मैसेज आया था। मैसेज पर क्लिक करने के बाद उसका फोन हैक हो गया और बैंक खाते से 25,500 रुपये कट गए।

मामले की जांच के दौरान साइबर थाना एनआईटी की टीम ने शिवा निवासी सहारनपुर, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि शिवा संबंधित बैंक खाते का खाताधारक है और ठगी की पूरी रकम उसके खाते में आई थी। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

फोन हैक कर 32,999 रुपये की ठगी

पर्वतीय कॉलोनी निवासी व्यक्ति ने शिकायत दी कि 19 जुलाई को उसका मोबाइल फोन अचानक हैक हो गया और बैंक खाते से 32,999 रुपये कट गए। इस मामले में साइबर थाना एनआईटी ने अंकित साहू निवासी किशनगढ़, अजमेर और मानसिंह राठौर निवासी अजमेर, राजस्थान को गिरफ्तार किया।

पुलिस जांच में सामने आया कि ठगी की रकम मानसिंह के खाते में आई थी। यह बैंक खाता अंकित ने ठगों को उपलब्ध कराया था। खाते में रकम आने के बाद अंकित ने एटीएम के जरिए पैसे निकलवाकर आगे दूसरे व्यक्ति को दे दिए थे। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 41.50 लाख की ठगी

सेक्टर-49 निवासी व्यक्ति ने शिकायत दी कि 27 नवंबर से 24 दिसंबर 2025 के बीच शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर उसके साथ 41,50,547 रुपये की साइबर ठगी हुई। मामले की जांच करते हुए साइबर थाना एनआईटी की टीम ने सूरज कुमार निवासी गोरखपुर, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया।

जांच में सामने आया कि सूरज कुमार दूसरी लेयर का खाताधारक है। उसके बैंक खाते में ठगी से संबंधित 5,000 रुपये आए थे। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

क्रेडिट कार्ड पर 2 हजार रुपये के वाउचर के नाम पर ठगी

ग्रीनफील्ड कॉलोनी निवासी व्यक्ति ने शिकायत दी कि उसके पास फोन आया था। कॉल करने वाले ने उसे क्रेडिट कार्ड पर 2,000 रुपये का वाउचर मिलने की बात कही। वाउचर एक्टिवेट करने के नाम पर उससे क्रेडिट कार्ड की जानकारी ली गई, जिसके बाद उसके खाते से 92,655 रुपये कट गए।

इस मामले में साइबर थाना एनआईटी की टीम ने मुन्ना लाल निवासी सुलेमान नगर, दिल्ली को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि मुन्ना लाल ने अपना बैंक खाता ठगों को उपलब्ध कराया था। उसके खाते में ठगी से संबंधित 34,510 रुपये आए थे। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।