September 21, 2026

स्टूडेंट की कमजोरियां पहचानकर पढ़ाने की ट्रेनिंग लेंगे प्राथमिक शिक्षक

Faridabad/Alive News: प्राथमिक कक्षाओं के स्टूडेंट की पढ़ाई को बेहतर बनाने के लिए जिले के राजकीय प्राथमिक स्कूल के शिक्षकों को अगले सप्ताह प्रशिक्षण दिया जाएगा। निपुण अभियान के तहत होने वाले इस प्रशिक्षण में शिक्षकों को  स्टूडेंट की भाषा और गणित की बुनियादी समझ मजबूत करने के आसान तरीकों के बारे में बताया जाएगा।
प्रशिक्षण में शिक्षकों को यह समझाया जाएगा कि हर स्टूडेंट एक ही गति से नहीं सीखता। ऐसे में उसकी क्षमता और जरूरत के हिसाब से पढ़ाई कराने पर जोर रहेगा। शिक्षक स्टूडेंट को पढ़ाई में आ रही दिक्कतों की पहचान करना भी सीखेंगे, ताकि समय रहते उनकी मदद की जा सके। इसके साथ ही 

स्टूडेंट की शैक्षणिक प्रगति पर नजर रखने और समय-समय पर उनका आकलन करने के तरीके भी बताए जाएंगे। इससे शिक्षक यह पता लगा सकेंगे कि स्टूडेंट भाषा और गणित में कितना सीख पाया है और उसे किन विषयों में अतिरिक्त मदद की जरूरत है। निपुण मिशन के समन्वयक मनमोहन ने बताया कि प्रशिक्षण के बाद शिक्षक स्कूलों में सीखी गई तकनीकों को कक्षा शिक्षण में इस्तेमाल करेंगे। इसका मकसद प्राथमिक कक्षाओं के स्टूडेंट की बुनियादी भाषा और गणितीय दक्षताओं को मजबूत करना है।