Faridabad/AliveNews: स्मार्टफोन पर आने वाले अनजान लिंक आपकी जेब खाली कर सकते हैं। ऐसा ही एक मामला फरीदाबाद में सामने आया है, जहां व्हाट्सएप पर आए एक संदिग्ध लिंक पर क्लिक करते ही एक व्यक्ति का फोन हैक हो गया और उसके बैंक खाते से 98,500 रुपये उड़ा लिए गए।
इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर थाना एनआईटी की टीम ने ठगों को बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले आरोपी संदीप गौर (उम्र 42) को लखनऊ, उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, एस.जी.एम नगर के पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 27 मई को अनजान व्हाट्सएप लिंक पर क्लिक करते ही उनका फोन हैक हो गया और पैसे कट गए। जांच के दौरान सामने आया कि बेरोजगार आरोपी संदीप ने अन्य आरोपी मुकेश का बैंक खाता लेकर आगे मुख्य साइबर ठगों को सौंप दिया था। पुलिस ने मुकेश को पहले ही रिमांड पर लिया था और अब दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

