July 15, 2026

फरीदाबाद पुलिस ने ध्वस्त किया अंतरराज्यीय स्मैक नेटवर्क, बरेली से मास्टरमाइंड समेत 4 तस्कर गिरफ्तार

अंतरराज्यीय स्मैक तस्करी नेटवर्क का खुलासा करने के बाद गिरफ्तार आरोपियों के साथ फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम।

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय स्मैक तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बरेली से स्मैक बनाने और सप्लाई करने वाले मास्टरमाइंड समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

जांच के दौरान सामने आया कि मुख्य आरोपी अपने घर में ही डोडा पोस्त, अफीम और केमिकल्स मिलाकर स्मैक तैयार करता था और विभिन्न राज्यों में इसकी सप्लाई करता था।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 27 जून को क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बाईपास रोड, सेक्टर-37 के पास एक आरोपी को 272 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया था। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई। इस संबंध में थाना सराय ख्वाजा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया। सबसे पहले गिरफ्तार आरोपी स्थानीय स्तर पर स्मैक की बिक्री करता था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने 1 जुलाई को बरेली से दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया, जिसने स्मैक की सप्लाई करने की बात स्वीकार की।

इसके बाद पुलिस ने तीसरे आरोपी को 5 जुलाई को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि गिरोह का मुख्य सरगना बरेली का रहने वाला शहादत खान है, जो बड़ी मात्रा में स्मैक तैयार कर सप्लाई करता है।

इसके बाद क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम ने उत्तर प्रदेश के बरेली में छापेमारी कर 9 जुलाई को मुख्य आरोपी शहादत खान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने छह दिन के रिमांड के दौरान आरोपी के नेटवर्क, वित्तीय लेन-देन और अन्य सहयोगियों से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।