October 3, 2026

रेस्टोरेंट से खाना ऑर्डर करने के बहाने 22,500 रुपये की ठगी, खाताधारक गिरफ्तार

फरीदाबाद में 22500 रुपये की साइबर ठगी के मामले में आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: रेस्टोरेंट से खाना ऑर्डर करने के नाम पर 22,500 रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना NIT की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी ठगी की रकम प्राप्त करने वाले बैंक खाते का खाताधारक है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-21A निवासी एक व्यक्ति भांखरी गांव में रेस्टोरेंट चलाता है। 25 जुलाई को उसके मोबाइल पर एक अंजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने 4-5 सब्जियां और 35-40 रोटियों का ऑर्डर दिया।

इसके बाद आरोपी ने 1,500 रुपये की जगह 15,000 रुपये भेजे जाने का फर्जी मैसेज भेजा और कहा कि गलती से ज्यादा पैसे ट्रांसफर हो गए हैं। उसने खाने के पैसे काटकर बाकी रकम वापस भेजने को कहा। शिकायतकर्ता ने विश्वास करके 13,500 रुपये वापस भेज दिए। पुलिस के अनुसार, इसी तरह दो बार में शिकायतकर्ता से कुल 22,500 रुपये की ठगी की गई।

मामले की शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना NIT में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने राजस्थान के डीग निवासी जमशेद को गिरफ्तार किया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि जमशेद उस बैंक खाते का खाताधारक है, जिसमें ठगी की 22,500 रुपये की रकम पहुंची थी। पुलिस के अनुसार, उसने अपना बैंक खाता ठगी करने वाले लोगों को इस्तेमाल के लिए दिया था। आरोपी खेतीबाड़ी का काम करता है।

पुलिस मामले में ठगी से जुड़े अन्य लोगों और लेनदेन की जांच कर रही है।