October 3, 2026

पुरानी रंजिश में घर के बाहर हुड़दंग और मारपीट, चार आरोपी गिरफ्तार, दो बालक अभिरक्षा में

फरीदाबाद में पुरानी रंजिश के मामले में चार आरोपियों की गिरफ्तारी

Faridabad/Alive News: पुरानी रंजिश के चलते घर के बाहर पहुंचकर हुड़दंग, हाथापाई और जान से मारने की धमकी देने के मामले में क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दो विधि-विरुद्ध बालकों को भी अभिरक्षा में लिया है। मामले में एक आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

पुलिस के अनुसार, सेक्टर-62 निवासी विनोद ने थाना आदर्श नगर में शिकायत दी थी कि 12/13 फरवरी की रात कुछ युवक उसके घर के बाहर आए और हुड़दंग करने लगे। इस दौरान हाथापाई की गई और जाते समय जान से मारने की धमकी भी दी गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच में सामने आया कि 12 फरवरी की सुबह शिकायतकर्ता के बेटे विशाल और साहिल के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। पुलिस के मुताबिक, इसी रंजिश के चलते साहिल अपने साथियों के साथ रात में विशाल के घर पहुंचा और वहां हुड़दंग करते हुए हाथापाई की।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में आरोपी साहिल को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके बाद जांच के दौरान क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव की टीम ने अन्य आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने 2 अक्टूबर को आजाद, सोहेब, मौसम और अरमान को गिरफ्तार किया। वहीं, दो विधि-विरुद्ध बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया।

पुलिस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।