October 3, 2026

टेलीग्राम टास्क के नाम पर 27,800 रुपये की ठगी, खाताधारक आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद में टेलीग्राम टास्क ठगी के मामले में आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: टेलीग्राम टास्क के नाम पर महिला से 27,800 रुपये की ठगी के मामले में साइबर थाना NIT की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ठगी की रकम जिस बैंक खाते में पहुंची, उसका खाताधारक है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, NIT फरीदाबाद निवासी एक महिला ने शिकायत दी थी कि 15 अगस्त को उसके पास एक अंजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने उसे टेलीग्राम पर टास्क करने का जॉब ऑफर दिया। इसके बाद महिला ने प्रीपेड टेलीग्राम टास्क के नाम पर कुल 27,800 रुपये निवेश कर दिए। आरोप है कि इसके बाद उसे कोई रकम वापस नहीं मिली।

शिकायत के आधार पर साइबर थाना NIT में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने कानपुर, उत्तर प्रदेश निवासी गोपाल को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में पुलिस को पता चला कि गोपाल खाताधारक है और उसने अपना बैंक खाता ठगी करने वाले लोगों को उपलब्ध कराया था। पुलिस के अनुसार, इसी खाते में ठगी की 27,800 रुपये की रकम पहुंची थी। आरोपी बीएससी पास है और ठेकेदारी का काम करता है।

पुलिस मामले में ठगी से जुड़े अन्य लोगों और बैंक खाते में हुए लेनदेन की जांच कर रही है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।