Faridabad/Alive News: क्राईम ब्रांच एनआईटी की टीम ने एक कंपनी से स्टील की कॉइल चोरी करने के मामले में कार्रवाई करते हुए कंपनी में ही कार्यरत दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक निवासी अलीगढ़ उत्तर प्रदेश और प्रदीप निवासी इस्माइलपुर फरीदाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, सेक्टर-10 निवासी पीड़ित ने पुलिस चौकी संजय कॉलोनी में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि उनकी एक सरफेस फिनिशिंग कंपनी है। 25 अक्टूबर को उनकी कंपनी में काम करने वाले दो कर्मचारियों ने मिलीभगत कर कंपनी से स्टील की एक कॉइल चुरा ली। शिकायत के आधार पर थाना मुजेसर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मामले की जांच कर रही क्राईम ब्रांच एनआईटी की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दीपक कंपनी में बतौर स्टोर इंचार्ज तैनात था, जबकि आरोपी प्रदीप कंपनी के दूसरे प्लांट में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत था। दोनों आरोपी बी.कॉम पास हैं और उन्होंने अपने पद का फायदा उठाकर इस चोरी को अंजाम दिया था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

