June 6, 2026

फरीदाबाद: क्राईम ब्रांच NIT ने मास्टर चाबी से बाइक उड़ाने वाले 2 शातिर चोर को किया गिरफ्तार

Faridabad/Alive News : क्राईम ब्रांच NIT की टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की वारदातों में इस्तेमाल होने वाली 2 मास्टर चाबियां (लॉक खोलने की चाबी) भी बरामद की हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान नूंह के पुन्हाना निवासी फैसल (उम्र 26) और फरीदाबाद के डबुआ निवासी मोनिश (उम्र 20) के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, डबुआ कॉलोनी के रहने वाले जयानंद ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया था कि 10 मई को वह अपने किसी रिश्तेदार से मिलने डबुआ कॉलोनी के बी-ब्लॉक में गए थे। जब वह मुलाकात के बाद घर से बाहर वापस आए, तो उनकी मोटरसाइकिल वहां से गायब थी। कोई अज्ञात चोर उसे चुरा ले गया था। पीड़ित की शिकायत पर थाना डबुआ में चोरी की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

क्राइम ब्रांच की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि दोनों आरोपी आपस में दोस्त हैं और शातिर किस्म के अपराधी हैं। आरोपी फैसल पर पहले भी चोरी के 8 आपराधिक मामले दर्ज हैं, वहीं उसके साथी मोनिश पर भी पूर्व में 1 मामला दर्ज है। दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, ताकि इनसे अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ की जा सके और चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद की जा सके।