Faridabad/Alive News : क्राईम ब्रांच बदरपुर बॉर्डर की टीम ने एक आरोपी को भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले पदार्थ के साथ काबू किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1.73 ग्राम एमडीएमए (एमडीएमए – अवैध नशा) बरामद किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान फरीदाबाद बीपीटीपी की हाउसिंग बोर्ड निवासी अनिल रावत (उम्र 27) के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 29 मई को क्राईम ब्रांच बॉर्डर की टीम इलाके में गश्त पर तैनात थी। इसी दौरान टीम को अपने गुप्त सूत्रों से इलाके में ड्रग्स सप्लाई होने की पुख्ता सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने सेक्टर-76 बीपीटीपी एरिया से आरोपी अनिल रावत को घेराबंदी कर काबू कर लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 1.73 ग्राम MDMA बरामद हुआ, जिसके बाद आरोपी के खिलाफ थाना बीपीटीपी में एनडीपीएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
क्राइम ब्रांच की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी अनिल ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। आरोपी ने बताया कि वह एक प्राइवेट नौकरी करता है और यह अवैध नशा (MDMA) दिल्ली के ओखला इलाके से 3,000 में खरीद कर लाया था, जिसे वह यहां खपाने की फिराक में था। पुलिस नशे के इस पूरे नेटवर्क और इसके मुख्य सप्लायर का पता लगाने में जुटी है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है ताकि सख्ती से पूछताछ की जा सके।

