June 6, 2026

फरीदाबाद: लेजर वैली पार्क के पास से अवैध देसी कट्टा के साथ आरोपी गिरफ्तार

सूरजकुंड क्षेत्र के लेजर वैली पार्क के पास अवैध देसी कट्टा के साथ फरीदाबाद पुलिस की गिरफ्त में आरोपी अमित कुमार।

Faridabad/Alive News : क्राइम ब्रांच एनआईटी की टीम ने 1 जून को एक व्यक्ति को अवैध देसी कट्टा के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान अमित कुमार निवासी आईपी कॉलोनी, सेक्टर-31, फरीदाबाद के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, क्राइम ब्रांच एनआईटी की टीम को इलाके में गश्त के दौरान गुप्त सूत्रों से एक संदिग्ध युवक के पास अवैध हथियार होने की सूचना मिली थी। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने सूरजकुंड क्षेत्र के लेजर वैली पार्क की पार्किंग के पास घेराबंदी की और आरोपी अमित कुमार को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध देसी कट्टा बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ थाना सूरजकुंड में शस्त्र अधिनियम (Arms Act) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी अमित कुमार कुछ समय पहले किसी काम से उत्तर प्रदेश के कासगंज स्थित अपने पैतृक गांव हरसयाणा गया था। वहीं से वह इस अवैध देसी कट्टा को खरीदकर फरीदाबाद लेकर आया था।

क्राइम ब्रांच की टीम ने आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी इस अवैध हथियार से फरीदाबाद में किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था या नहीं।