June 6, 2026

फरीदाबाद: डबुआ ठेकेदार हत्याकांड में बड़ा खुलासा, क्राइम ब्रांच DLF ने मुख्य शूटर सहित 3 और आरोपियों को बिहार से दबोचा

फरीदाबाद पुलिस और क्राइम ब्रांच डीएलएफ की गिरफ्त में खड़े ठेकेदार हत्याकांड के आरोपी

Faridabad/Alive News : डबुआ थाना क्षेत्र के अंतर्गत गाजीपुर स्थित एक वर्कशॉप में 22 मई को हुई लेबर ठेकेदार योगेश कुमार की सनसनीखेज हत्या के मामले में अपराध शाखा डीएलएफ (DLF) की टीम को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस टीम ने 1 जून को मुख्य शूटर सहित 3 और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान मुख्य शूटर मौसम व विकास कुमार निवासी गांव चन्देली कर्मन चख, जिला पूर्णिया, बिहार तथा नीरज कुमार निवासी गांव खैरव, जिला मधेपुरा, बिहार के रूप में हुई है।

वर्चस्व की रंजिश और ठेकेदारी के विवाद में हुई हत्या
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस हत्याकांड के पीछे ठेकेदारी के काम को लेकर आपसी विवाद और वर्चस्व की रंजिश थी। आरोपी मौसम पहले मृतक योगेश कुमार के पास ही लेबर का काम करता था। कुछ समय से मौसम खुद स्वतंत्र रूप से लेबर ठेकेदारी का काम शुरू करना चाहता था, जिसे लेकर उसकी योगेश कुमार के साथ तीखी कहासुनी और विवाद हुआ था।

बिहार से फरीदाबाद तक किया पीछा
योगेश कुमार को अपने रास्ते से हटाने के लिए मौसम ने एक खौफनाक साजिश रची। वह अपने साथियों के साथ पूर्णिया (बिहार) से ही योगेश कुमार का पीछा करते हुए फरीदाबाद तक आ पहुंचा और 22 मई की अल सुबह इस वारदात को अंजाम दे डाला।

पुलिस प्रवक्ता से मिली जानकारी के अनुसार, वारदात के वक्त जब ठेकेदार योगेश कुमार सो रहा था, तब मुख्य आरोपी मौसम ने उस पर ताबड़तोड़ गोली चलाई थी। वहीं विकास और नीरज वारदात के समय घटनास्थल के आसपास रहकर रेकी (निगरानी) कर रहे थे।

इस हत्याकांड की साजिश रचने और शूटरों को सहयोग देने के मामले में 2 आरोपी पहले ही दबोचे जा चुके हैं। इसके अलावा, इन्हें अवैध हथियार उपलब्ध कराने वाले 2 अन्य आरोपियों को भी पुलिस ने बिहार से ही गिरफ्तार किया था। इस पूरे मामले में पुलिस अब तक कुल 7 आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा चुकी है।

फिलहाल, अदालत ने मुख्य आरोपी मौसम को 2 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है, जबकि विकास व नीरज को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश जारी किए गए हैं।