June 6, 2026

फरीदाबाद: अपराध शाखा सेक्टर-56 ने वाहन चोरी मामले में शातिर चोर को धरा, चोरीशुदा की स्कूटी बरामद

मेट्रो फ्लैट सेक्टर-56 के पास चोरी की स्कूटी के साथ फरीदाबाद पुलिस की गिरफ्त में आरोपी अनिकेत।

Faridabad/Alive News : अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने थाना पल्ला क्षेत्र में दर्ज वाहन चोरी के एक मामले को सुलझाते हुए आरोपी को चोरी की स्कूटी समेत गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान अनिकेत निवासी संजय कॉलोनी, सेक्टर-23, फरीदाबाद के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता ने मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इन्द्रजीत (निवासी एत्मादपुर, फरीदाबाद) ने थाना पल्ला में एक शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, 5 जनवरी 2025 को उन्होंने अपनी स्कूटी को एत्मादपुर सब्जी मंडी में खड़ा किया था, जहां से कोई अज्ञात चोर उसे चुरा ले गया। इस संबंध में थाना पल्ला में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मेट्रो फ्लैट सेक्टर-56 के पास नाकाबंदी की और आरोपी अनिकेत को चोरी की स्कूटी के साथ रंगे हाथों दबोच लिया।

पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी अनिकेत गंभीर रूप से नशा करने का आदी है। अपने नशे के खर्च और जरूरतों को पूरा करने के लिए वह वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी पर पहले भी वाहन चोरी का एक मामला दर्ज है।

अपराध शाखा ने आरोपी के पास से चोरी की गई स्कूटी बरामद कर ली है। आरोपी अनिकेत को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।