Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सेक्टर-12 स्थित जिला कोर्ट परिसर में शुक्रवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक MBA छात्र को देसी कट्टे के साथ पकड़ा गया। युवक कोर्ट में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था। गेट पर मेटल डिटेक्टर से जांच के दौरान उसके बैग में संदिग्ध सामान होने का पता चला। तलाशी लेने पर बैग से देसी कट्टा बरामद हुआ।
पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान गुरुग्राम के गांव लाला खेड़ली निवासी अभिषेक खटाना के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा। जिस समय युवक कोर्ट परिसर में पहुंचा, उस दौरान नव-निर्वाचित बार काउंसिल के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह चल रहा था। समारोह के चलते परिसर में वकीलों और अन्य लोगों की आवाजाही थी। इसी दौरान युवक के पास हथियार मिलने से वहां हड़कंप मच गया।
सेंट्रल थाना पुलिस के अनुसार, जिला कोर्ट के प्रवेश द्वारों पर सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं। यहां आने वाले लोगों की जांच डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर, हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर और बैग स्कैनर से की जाती है।
शुक्रवार दोपहर अभिषेक खटाना बैग लेकर कोर्ट में प्रवेश करने पहुंचा। मेटल डिटेक्टर से गुजरने के दौरान पुलिसकर्मियों को उसके बैग में संदिग्ध सामान होने का संदेह हुआ। संदेह होने पर पुलिसकर्मियों ने युवक को रोककर उसके बैग की तलाशी ली। इस दौरान बैग से देसी कट्टा बरामद हुआ। हथियार मिलने के बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया और आगे की कार्रवाई के लिए सेंट्रल थाना पुलिस को सौंप दिया।
पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है कि MBA का छात्र हथियार लेकर कोर्ट परिसर में क्यों पहुंचा था। क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है।
जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी हथियार कहां से लाया था और कोर्ट आने के पीछे उसका क्या उद्देश्य था। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वह किसी से मिलने आया था या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी। फिलहाल पुलिस आरोपी की मंशा और हथियार से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

