October 3, 2026

गांधी जयंती पर मानव सेवा समिति ने लगाया रक्तदान शिविर, 71 रक्तवीरों ने किया रक्तदान

फरीदाबाद सेक्टर-10 में रक्तदान शिविर में रक्तदान करते रक्तदाता

Faridabad/Alive News: महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर मानव सेवा समिति की ओर से मानव भवन, सेक्टर-10 में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। रोटरी क्लब अरावली, सेक्टर-7/10 शक्ति मार्केट एसोसिएशन और रोटरी ब्लड बैंक के संयुक्त सहयोग से आयोजित शिविर में 71 रक्तदाताओं ने रक्तदान किया।

शिविर में 15 लोगों का हीमोग्लोबिन कम पाए जाने के कारण वे रक्तदान नहीं कर सके। वहीं, 15 महिलाओं ने रक्तदान कर महिला सहभागिता का संदेश दिया। आयोजकों ने महिलाओं से अपने स्वास्थ्य और हीमोग्लोबिन का ध्यान रखने के साथ रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।

डीएसपी रेलवे राजेश चेची ने शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया। उन्होंने मानव सेवा समिति की ओर से किए जा रहे सामाजिक सेवा कार्यों की सराहना की और रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया। प्रमुख समाजसेवी प्रो. एमपी सिंह और डॉ. हेमंत अत्री ने भी समिति के सेवा कार्यों की प्रशंसा की।

शिविर के संयोजन में संदीप राठी, नवीन पसरीजा, प्रबंधक हरीश गोरा, राजकुमार तंवर, कृष्ण मोंगा और आरके सिंगला सहित अन्य सदस्यों ने सहयोग किया। समिति के अध्यक्ष कैलाश शर्मा, महासचिव सुरेंद्र जग्गा, मार्केट एसोसिएशन के प्रधान हरीश गोरा, रोटरी क्लब अरावली के अध्यक्ष मनीष गर्ग और रोटरी ब्लड बैंक के अध्यक्ष दीपक प्रसाद ने रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र और स्मृति उपहार देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर नरेंद्र मिश्रा, संजीव शर्मा, सुनील बरेजा, मीनाक्षी बंसल, सरिता गुप्ता, रश्मि कौशिक, सुधा गर्ग, राज राठी, कपिल जुनेजा, सुष्मिता और अमित मदान सहित कई लोग मौजूद रहे।