Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में प्रतिबंधित पटाखों की अवैध बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने कैली गांव के खंदावली रोड स्थित मुकेश ट्रेडर्स की दुकान से 383.750 किलोग्राम प्रतिबंधित पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने दुकान संचालक मुकेश कुमार निवासी पंजाबी मोहल्ला, बल्लभगढ़ को काबू किया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम को सूचना मिली थी कि कैली गांव के खंदावली रोड स्थित मुकेश ट्रेडर्स की दुकान पर अवैध रूप से पटाखे बेचे जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और दुकानदार मुकेश कुमार को काबू कर लिया।
दुकान में रखे प्लास्टिक के कट्टों की तलाशी लेने पर पुलिस को रॉकेट बम, सुतली बम, मुर्गा पटाखे, हवाई आतिशबाजी, अनार, फुलझड़ी और फिरकी सहित विभिन्न प्रकार के पटाखे मिले। इनका कुल वजन 383.750 किलोग्राम पाया गया।
पुलिस ने पटाखों के भंडारण और बिक्री से संबंधित लाइसेंस व परमिट मांगे, लेकिन मुकेश कुमार कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ थाना सेक्टर-58 में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

