July 1, 2026

युवक को बंधक बनाकर मारपीट और जान से मारने की धमकी, एक आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के डबुआ थाना क्षेत्र में एक युवक को बंधक बनाकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहित, निवासी डबुआ कॉलोनी, फरीदाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

थाना डबुआ पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। वहीं, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता राहुल और उसका साथी डबुआ मंडी के बाहर रेहड़ी लगाकर अपना काम करते हैं। आरोप है कि बोंचा, मन्नू और मोहित रेहड़ी लगाने के बदले पैसे मांगते थे। जब राहुल ने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो आरोपियों ने उसे और उसके साथी को जबरन स्कूटी और मोटरसाइकिल पर बैठाकर डबुआ कॉलोनी के एक मकान में ले गए।

हां दोनों को कथित रूप से बंधक बनाकर रखा गया, उनके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, राहुल ने शिकायत में बताया कि 26 जून को बोंचा, चिराग और मोहित उसे और उसके साथी जितेंद्र को प्याली चौक के पास एक खाने की दुकान से जबरन उठाकर ले गए थे। शिकायत के आधार पर थाना डबुआ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई।

पुलिस का कहना है कि बाकी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए कार्रवाई जारी है।