Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखा सेंट्रल ने थाना शहर बल्लभगढ़ क्षेत्र में दर्ज एक मारपीट के मामले में फरार चल रहे दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को 5 जुलाई को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार बल्लभगढ़ निवासी अमन ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 8 अक्टूबर 2025 को वह रघुबीर कॉलोनी स्थित अपने दूसरे मकान पर किराया लेने गया था। जब वह किरायेदार से बातचीत कर रहा था, तभी पीछे से कुछ लोग आए और उस पर हथौड़े और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस हमले में उसे गंभीर चोटें आईं। शिकायत के आधार पर थाना शहर बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने पंकज कुमार, निवासी सुभाष कॉलोनी, बल्लभगढ़ तथा विश्वास उर्फ भोला, मूल निवासी गांव हमीदपुर, जिला अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी आर्य नगर, बल्लभगढ़ को गिरफ्तार किया।
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी मुख्य आरोपी हन्नी के करीबी दोस्त हैं। घटना वाले दिन हन्नी के बुलाने पर दोनों घटनास्थल पर पहुंचे और शिकायतकर्ता पर हथौड़े से हमला करने में शामिल रहे। वारदात के बाद से दोनों लगातार फरार चल रहे थे।
पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी किसी समारोह में शामिल होने के लिए फरीदाबाद आए हुए हैं। इसी सूचना के आधार पर अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार इस मामले में मुख्य आरोपी हन्नी सहित कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

