Faridabad/Alive News: झपटमारी की घटनाओं पर लगाम कसते हुए फरीदाबाद पुलिस की एवीटीएस सिकरोना टीम ने मोबाइल फोन छीनकर फरार होने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान धौज गांव निवासी आलीम के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल अपाचे बाइक बरामद कर ली है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सेक्टर-46 निवासी पीड़ित ने पुलिस चौकी सेक्टर-46 में शिकायत दर्ज कराई थी कि 21 नवंबर को वह सूरजकुंड स्थित लेजर वैली अपार्टमेंट के पास फोन पर बात कर रहे थे। तभी बाइक सवार युवक पीछे से आया और उनका मोबाइल झपटकर भाग निकला। इस मामले में सूरजकुंड थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान एवीटीएस सिकरोना टीम ने 23 नवंबर को आरोपी आलीम को दबोच लिया। पूछताछ में पता चला कि उसने अपने दोस्त की अपाचे बाइक से वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पर पहले भी पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज है। उसे अदालत में पेश कर जेल भेजा जाएगा।

