September 22, 2026

फरीदाबाद में पानी की लाइन के 95 डीआई पाइप चोरी, 3 आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद में पानी की लाइन के 95 डीआई पाइप चोरी मामले में गिरफ्तार आरोपी

Faridabad/Alive News: संजय कॉलोनी चौकी क्षेत्र में पानी की पाइपलाइन बिछाने के दौरान करीब 95 डीआई पाइप चोरी करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कैंटर भी बरामद कर लिया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने पहले मौके की रेकी की और इसके बाद पाइप चोरी कर उन्हें मानेसर में बेच दिया।

पुलिस के अनुसार, नगर निगम फरीदाबाद की ओर से वार्ड नंबर-5 से वार्ड नंबर-4 स्थित जलघर तक पानी की डीआई लाइन बिछाने का काम चल रहा था। सेक्टर-52 की पुलिया से मछली मार्केट तक गंदे नाले की सड़क पर 15 सितंबर की रात सड़क की खुदाई और पाइपलाइन बिछाने का काम चल रहा था। अगले दिन सुबह साइट पर पहुंचने पर करीब 95 डीआई पाइप गायब मिले।

शिकायतकर्ता हुकुम सिंह की शिकायत पर थाना मुजेसर में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद संजय कॉलोनी चौकी पुलिस ने जांच करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रिजवान निवासी नंगला कॉलोनी, पलवल, निषार उर्फ भोला निवासी गौहपुर, पलवल और अहमद निवासी गांव खिलूका, पलवल के रूप में हुई है।

पूछताछ में पुलिस को पता चला कि रिजवान ने अपने जीजा के साथ मिलकर पहले चोरी की जगह की रेकी की थी। इसके बाद उसने एक कैंटर किराये पर लिया और 15 सितंबर की रात करीब 8 से 10 लोगों के साथ मौके पर पहुंचा। वहां रखे पाइप कैंटर में लादकर अगले दिन मानेसर ले जाए गए, जहां उन्हें बेच दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, वारदात के दौरान निषार उर्फ भोला कैंटर चला रहा था। वहीं अहमद उस जगह काम करता था, जहां चोरी किए गए पाइप बेचे गए। अहमद से संपर्क के बाद पाइपों को मानेसर ले जाकर बेचने की बात सामने आई। पाइप बेचने से मिली रकम में अहमद को भी हिस्सा दिया गया था।

पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कैंटर बरामद कर लिया है। चोरी किए गए पाइपों की बरामदगी और मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पूछताछ जारी है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया। निषार और अहमद को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया, जबकि रिजवान को आगे की पूछताछ के लिए 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।