Noida/Alive News: उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) ने नोएडा से विभिन्न रूटों पर संचालित रोडवेज बसों के किराये में संशोधन करते हुए कई मार्गों पर किराया कम कर दिया है। नए किराया निर्धारण के बाद पहले जहां अधिकतम किराया 500 रुपये तक था, वहीं अब अधिकतम किराया 413 रुपये और न्यूनतम किराया 7 रुपये कर दिया गया है।
मोरना डिपो के एआरएम रोहताश कुमार ने बताया कि परिवहन निगम प्रत्येक वर्ष किलोमीटर के आधार पर किरायों की समीक्षा कर संशोधन करता है। इसी क्रम में इस वर्ष भी किराये में बदलाव किया गया है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में नोएडा से देहरादून का सबसे अधिक किराया 413 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि सबसे कम किराया सेक्टर-37 का 7 रुपये है।
परिवहन निगम की ओर से जारी नई किराया सूची के अनुसार नोएडा-आगरा रूट पर सेक्टर-37 का किराया 7 रुपये, परी चौक 39 रुपये, जेवर कट 94 रुपये, पलवल कट 122 रुपये, बजाना 150 रुपये, सुरीर 171 रुपये, टैटी 182 रुपये, मल्ट फैक्ट्री 207 रुपये, मथुरा 226 रुपये, बल्देव मंदिर 244 रुपये, कुबेरपुर 291 रुपये तथा आगरा का किराया 343 रुपये निर्धारित किया गया है।
इसके अलावा नोएडा-मेरठ-हरिद्वार, नोएडा-बुलंदशहर-चंदौसी, नोएडा-बुलंदशहर-एटा, नोएडा-मथुरा-बरसाना, नोएडा-शिकोहाबाद, नोएडा-बुलंदशहर-बदायूं, नोएडा-हाथरस और नोएडा-सादाबाद रूट पर भी किराये में कमी की गई है।

