June 30, 2026

जिला अस्पताल में आधे घंटे तक ठप रही आभा स्कैनर सेवा

Noida/Alive News: नोएडा सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में मरीजों को ओपीडी की लंबी कतारों से राहत दिलाने के लिए लगाए गए आभा स्कैनर में मंगलवार सुबह तकनीकी समस्या आ गई। स्कैनर से क्यूआर कोड तो स्कैन हो रहा था, लेकिन लोगों के मोबाइल पर ओपीडी का टोकन नंबर जनरेट नहीं हो रहा था। 

जिला अस्पताल के बाहर लगाए गए आभा स्कैनर के माध्यम से मरीज क्यूआर कोड स्कैन कर ओपीडी का टोकन प्राप्त करते हैं। इससे उन्हें लंबी लाइन में लगने की आवश्यकता नहीं पड़ती। मंगलवार सुबह दस बजे जब लोगों ने स्कैनर का उपयोग किया, तो क्यूआर कोड सफलतापूर्वक स्कैन हुआ, लेकिन टोकन नंबर जारी नहीं हुआ। टोकन नहीं मिलने के कारण स्कैनर के पास लोगों की भीड़ लगनी शुरु हो गई थी। लोगों ने कई बार दोबारा स्कैन करने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक कोई सफलता नहीं मिली। करीब आधे घंटे बाद तकनीकी समस्या दूर होने पर दोबारा स्कैन करने से टोकन नंबर जनरेट होने लगे। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

अस्पताल पहुंचे लोगों ने बताया कि वे काफी देर से स्कैनर का उपयोग करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन स्कैन होने के बावजूद भी मोबाइल पर टोकन नंबर नहीं आ रहा था। 

वर्जन 

आभा स्कैनर स्कैन होने के बाद भी टोकन नंबर न आने का कारण खराब मौसम हो सकता है। साथ ही एक साथ ज्यादा संख्या में भी लोगों स्कैन कर रहे है जिस कारण टोकन नंबर जनरेट नहीं हो रहा होगा। 

– अशोक कुमार झा, सीएमओ, जिला अस्पताल