June 6, 2026

फरीदाबाद में 6.44 ग्राम स्मैक के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को 6.44 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अपराध शाखा बॉर्डर की टीम ने की।

पुलिस के अनुसार, 28 मार्च को टीम को सूचना मिली थी कि दो युवक मोटरसाइकिल पर सोहना रोड से धौज की तरफ जा रहे हैं और उनके पास नशीला पदार्थ हो सकता है। सूचना के आधार पर पुलिस ने धौज-सोहना रोड पर नाकाबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुस्तकिम (21) और हसीन (26) निवासी टिकरी खेड़ा, धौज के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से 6.44 ग्राम स्मैक बरामद की है। इस मामले में थाना धौज में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।

पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी ट्रक ड्राइवर हैं और स्मैक को नूंह से 8400 रुपये में खरीदकर लाए थे।

फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर 2 दिन के रिमांड पर लिया है और आगे की जांच जारी है।