July 25, 2026

गौतमबुद्धनगर में बढ़ा इलेक्ट्रिक कार का क्रेज, छह महीने में 2163 नई कारों का रजिस्ट्रेशन

Prabhjot kaur/Alive News

Noida: गौतमबुद्धनगर में इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग लगातार बढ़ रही है। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, सरकारी प्रोत्साहन और चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार का असर अब वाहन बाजार में भी साफ दिखाई दे रहा है। परिवहन विभाग के अनुसार, वर्ष 2026 के पहले छह महीनों में जिले में 2,163 नई इलेक्ट्रिक कारों का रजिस्ट्रेशन हुआ है।

विभागीय आंकड़ों के मुताबिक जनवरी में 325, फरवरी में 221, मार्च में 376, अप्रैल में 450, मई में 384 और जून में 407 इलेक्ट्रिक कारों का रजिस्ट्रेशन किया गया। इनमें अप्रैल में सबसे अधिक 450 इलेक्ट्रिक कारों का रजिस्ट्रेशन दर्ज किया गया।

एआरटीओ अधिकारी नंद कुमार ने बताया कि लोगों में पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता बढ़ रही है। इसी वजह से इलेक्ट्रिक कारों और अन्य ईवी की मांग लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से मिलने वाली सब्सिडी और चार्जिंग सुविधाओं के विस्तार से भी लोगों का रुझान इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर बढ़ा है। उनका कहना है कि आने वाले समय में जिले में इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग और तेजी से बढ़ने की संभावना है।