Noida/Alive News: ऑटिज्म से जुड़े भ्रम दूर करने और विशेष जरूरतों वाले बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए शनिवार को सेक्टर-56 में जागरूकता अभियान चलाया गया। जिसका आयोजन एनजीओ लेट्स हेल्प इंडिया ने सेक्टर-56 आरडब्ल्यूए और नोएडा पुलिस के सहयोग से किया। जिसमें सब-इंस्पेक्टर आरजू रघुवंशी, महिला कांस्टेबल तहमीना और महिला कांस्टेबल दीपा पंवार सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भी हिस्सा लिया।यह अभियान नोएडा पुलिस के ऑपरेशन अपराजेय के तहत आयोजित किया गया। जिसमें पुलिस अधिकारियों ने लोगों से दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशील रहने और उनकी मदद के लिए आगे आने की अपील की।कार्यक्रम में एनजीओ की ओर से तूलिका दुबे और प्रमोद मिश्रा ने लोगों को ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि ऑटिज्म कोई बीमारी नहीं, बल्कि बच्चों के विकास से जुड़ी एक स्थिति है। सही जानकारी और समाज के सहयोग से ऐसे बच्चे बेहतर तरीके से आगे बढ़ सकते हैं। तूलिका दुबे ने कहा कि जागरूकता की कमी के कारण कई परिवार खुद को अकेला महसूस करते हैं। ऐसे में समाज का सहयोग और अपनापन उनके लिए सबसे बड़ी ताकत बन सकता है।सेक्टर-56 आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष संजय मावी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरीश जिबरान, कोषाध्यक्ष आमिर सिंह यादव समेत अन्य पदाधिकारियों ने अभियान का समर्थन करते हुए कहा कि आरडब्ल्यूए पोस्टर और व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए लोगों तक जागरूकता का संदेश पहुंचाएगी। साथ ही भविष्य में भी इस विषय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस तरह के अभियान से लोगों में ऑटिज्म को लेकर जागरूकता बढ़ेगी और विशेष जरूरतों वाले बच्चों व उनके परिवारों के लिए अधिक सहयोगी माहौल तैयार होगा।
ऑटिज्म जागरूकता अभियान के जरिए दिया विशेष बच्चों के प्रति संवेदनशीलता का दिया संदेश

