April 25, 2024

14 वर्षीय नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म मामले में आठ आरोपी गिरफ्तार

Mumbai/Alive News : महाराष्ट्र के पुणे में एक 14 साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार बच्ची का पहले अपहरण किया गया और इसके बाद उसके साथ कई बार दुष्कर्म भी किया गया। पुलिस ने सोमवार को बताया कि मामले में आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इसमें दो रेलवे के कर्मचारी और छह ऑटो रिक्शा ड्राइवर भी शामिल हैं। वनवाड़ी पुलिस स्टेशन के सीनियर इंस्पेक्टर दीपक लगड ने बताया कि हमारे पास लड़की के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत दर्ज करने के बाद हमने जांच शुरू की और हमने रविवार को लड़की को खोज निकाला। 

मिली जानकारी के अनुसार उन्होंने बताया कि लड़की 31 अगस्त को अपने से निकलकर पुणे रेलवे स्टेशन आई थी और अपने दोस्त से मिलने के लिए ट्रेन पकड़ने वाली थी। तभी आरोपी ऑटो रिक्शा ड्राइवर ने देखा कि लड़की अकेली है। उसने लड़की से कहा कि जिस ट्रेन के लिए वह स्टेशन आई है, वह उसे अगले दिन मिलेगी। उसने लड़की से कहा कि वह उसके साथ चले। वह उसके रुकने की ठीक व्यवस्था कर देगा।

उन्होंने एफआईआर का हवाला देते हुए बताया कि इसके बाद ऑटोरिक्शा ड्राइवरों ने लड़की के साथ शहर के अलग-अलग स्थानों पर दुष्कर्म किया। आरोपियों में छह रिक्शा चालक और चतुर्थ श्रेणी के दो कर्मचारी शामिल हैं। घटना की जानकारी होने पर पुणे पुलिस ने कुछ घंटों के भीतर सभी आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों को हिरासत में लेने के लिए मदद मिली। पुलिस ने अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है। सभी आरोपियों को मेडिकल के लिए भेजा गया है। वानवाड़ी पुलिस ने कहा कि पीड़िता का इलाज चल रहा है और उसकी हालत स्थिर है। मामले की जांच चल रही है।