Faridabad/Alive News: डायनैस्टी इंटरनेशनल विद्यालय में प्रधानाचार्य नितिन वर्मा के मार्गदर्शन में ‘ज्ञान का विस्तार (नॉलेज स्पेक्ट्रम)’ प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता, नवाचार और भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता विकसित करना था।
प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने विज्ञान और सामाजिक विज्ञान विषयों से जुड़े कई आकर्षक वर्किंग मॉडल प्रस्तुत किए। छात्रों ने वैज्ञानिक सिद्धांतों, ऐतिहासिक घटनाओं, सामाजिक संरचनाओं और भौगोलिक विषयों को मॉडल के माध्यम से सरल और प्रभावशाली तरीके से प्रदर्शित किया, जिसकी सभी ने सराहना की।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण विद्यार्थियों की लाइव सिंगिंग प्रस्तुति और वैदिक गुरुकुल की झलकियां रहीं। छात्रों ने गुरु-शिष्य परंपरा, भारतीय संस्कार, अनुशासन और प्राचीन शिक्षा प्रणाली को जीवंत रूप में प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य नितिन वर्मा ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों में जिज्ञासा, आत्मविश्वास, रचनात्मक सोच और सीखने की भावना को मजबूत बनाती हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि अनुभव, प्रयोग और संस्कृति के माध्यम से भी ज्ञान का विस्तार होता है।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि सह-संयोजिका एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन में आयोजित यह प्रदर्शनी विद्यार्थियों की प्रतिभा, मेहनत और बहुआयामी ज्ञान का उत्कृष्ट उदाहरण रही तथा सभी आगंतुकों के लिए एक यादगार और ज्ञानवर्धक अनुभव साबित हुई।

