November 7, 2026

डायनेस्टी स्कूल के विद्यार्थियों ने निकाली हरित दीपावली जागरूकता रैली

Faridabad/Alive News: सेक्टर-28 स्थित डायनेस्टी इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने हरित और प्रदूषण मुक्त दीपावली का संदेश देने के लिए जागरूकता रैली निकाली। इस दौरान विद्यार्थियों ने स्कूल परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल दीपावली मनाने के लिए जागरूक किया।

स्कूल की निदेशक कल्पना वर्मा और प्रधानाचार्य नितिन वर्मा के मार्गदर्शन में निकाली गई इस रैली में विद्यार्थियों ने रंग-बिरंगे बैनर और संदेश लिखी तख्तियां लेकर हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने लोगों को पटाखों से होने वाले वायु और ध्वनि प्रदूषण के नुकसान के बारे में बताया।

रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने पशु-पक्षियों को पटाखों के धुएं और तेज आवाज से बचाने की अपील की। साथ ही नवजात शिशुओं, बुजुर्गों और बीमार लोगों के स्वास्थ्य का ध्यान रखने का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से पटाखों के बजाय दीप जलाकर प्रेम और खुशियों के साथ दीपावली मनाने की अपील की।

रैली में स्कूल के शिक्षकों और प्रशासनिक कर्मचारियों ने भी विद्यार्थियों के साथ भाग लिया। विद्यार्थियों के अनुशासन और जागरूकता संदेशों ने स्थानीय निवासियों और राहगीरों का ध्यान आकर्षित किया।

इस अवसर पर निदेशक कल्पना वर्मा और प्रधानाचार्य नितिन वर्मा ने कहा कि त्योहारों की असली खुशी दूसरों की सुरक्षा और स्वच्छ पर्यावरण में है। स्कूल का प्रयास है कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति भी जागरूक बनाया जाए।