Faridabad/Alive News: अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स निरोधक दिवस के अवसर पर एनएचपीसी परिसर, सूरजकुंड रोड, सेक्टर-41 फरीदाबाद में “ड्रग्स फ्री हरियाणा” अभियान के तहत हरियाणा राज्य नारकोटिक कंट्रोल ब्यूरो (NCB) और फरीदाबाद पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से एक बड़ा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के साथ 16 दिनों तक चले राज्यव्यापी अभियान का समापन हुआ।
यह अभियान 11 जून को चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा से शुरू हुआ था। इसके बाद यह यात्रा फतेहाबाद, पंचकूला, यमुनानगर, पानीपत, कैथल, झज्जर, सोनीपत और गुरुग्राम होते हुए 26 जून को फरीदाबाद पहुंची।
कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के शिक्षक, विद्यार्थी, स्वास्थ्य विभाग की टीम तथा एनएचपीसी के अधिकारियों ने भाग लिया। एनएचपीसी ने इस अभियान के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
कार्यक्रम में पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) हिमाद्री कौशिक, पुलिस उपायुक्त (यातायात) विनोद कुमार, एसीपी एनआईटी रवि कुमार, एसीपी बल्लभगढ़, डीएसपी जितेंद्र राणा, हरियाणा राज्य नारकोटिक कंट्रोल ब्यूरो के अधिकारी तथा फरीदाबाद पुलिस के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
पुलिस उपायुक्त हिमाद्री कौशिक ने कहा कि फरीदाबाद पुलिस नशे के खिलाफ लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। उन्होंने बताया कि पिछले एक वर्ष में फरीदाबाद पुलिस ने 500 से अधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर करीब ढाई लाख लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया है। साथ ही नशा तस्करों के खिलाफ भी लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि मजबूत इच्छाशक्ति, परिवार का सहयोग और खेलकूद जैसी सकारात्मक गतिविधियां नशे की लत छोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाएं। यदि हर व्यक्ति कम से कम पांच लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेगा, तो यह हरियाणा को नशा मुक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम होगा।
कार्यक्रम के दौरान पांच चित्रकारों द्वारा नशे के दुष्परिणामों पर बनाई गई पेंटिंग्स लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। इन चित्रों के माध्यम से समाज को नशे से होने वाले नुकसान का प्रभावशाली संदेश दिया गया।

