July 25, 2026

इंजीनियर बनने का सपना टूटा: जेईई-मेंस की आंसर-की आने के बाद रेवाड़ी के युवक ने की आत्महत्या

Rewadi/Alive News: हरियाणा के रेवाड़ी जिले में 19 वर्षीय छात्र विकास ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। विकास जेईई-मेंस परीक्षा पास कर बीटेक करना चाहता था और उसका सपना इंजीनियर बनने का था। बताया जा रहा है कि 4 फरवरी को जेईई-मेंस की आंसर-की आने के बाद से वह काफी परेशान था।

विकास ने घर में सुसाइड नोट छोड़ा, जिसमें लिखा था, “हां, मैं सुसाइड कर रहा हूं और इसके लिए मैं खुद जिम्मेदार हूं। गुडबॉय लाइफ।” उसकी मौत से परिवार और गांव में शोक की लहर है।

विकास रेवाड़ी जिले के ढालियावास गांव का रहने वाला था। उसके पिता बलबीर खेती करते हैं, मां गृहिणी हैं और बड़ा भाई गुरुग्राम की एक कंपनी में नौकरी करता है। विकास ने वर्ष 2025 में बिठवाना गांव के सरकारी स्कूल से 12वीं कक्षा पास की थी। नॉन-मेडिकल स्ट्रीम में उसके 87 प्रतिशत अंक आए थे और वह स्कूल टॉपर था। स्कूल के दिनों में वह अक्सर कहा करता था कि वह बड़ा आदमी बनकर घर की हालत सुधारेगा।

परिजनों के अनुसार 4 फरवरी को विकास घर पर अकेला था। पिता टहलने गए थे, मां मामा के घर गई हुई थीं और बड़ा भाई ड्यूटी पर था। इसी दौरान विकास ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर फांसी लगा ली। उसने घर में रखी प्लास्टिक की रस्सी का इस्तेमाल किया, जो सबमर्सिबल के काम से बची हुई थी।

जब पिता वापस लौटे तो दरवाजा बंद मिला। खिड़की से देखने पर विकास फंदे पर लटका हुआ था। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा और शव को नीचे उतारा।

परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता की आंखों से आंसू नहीं थम रहे हैं। बताया गया है कि 20 फरवरी को विकास के मामा के घर शादी थी, जिसमें शामिल होने की वह बात कर रहा था। किसी को अंदाजा नहीं था कि वह इतना बड़ा कदम उठा लेगा।