Faridabad/Alive News : अंतर्राष्ट्रीय प्लास्टिक बैग फ्री डे के अवसर पर मानव रचना एजुकेशनल इंस्टीट्यूशन की सामाजिक इकाई डॉ. ओ. पी. भल्ला फाउंडेशन ने साझा करते हुए बताया कि संस्था अब तक कुल 34 हजार किलोग्राम प्लास्टिक कचरे को रीसायकल कर चुकी है।
यह उपलब्धि फाउंडेशन की सतत पर्यावरणीय पहलों का परिणाम है, जो वर्ष 2023 से विभिन्न कार्यक्रमों और अभियानों के माध्यम से चल रही है। इस प्रयास के तहत 24 हजार किलो प्लास्टिक को 12 पार्क बेंचों में बदला गया है, जिन्हें मानव रचना और भांखरी गांव के सरकारी स्कूल में स्थापित किया गया है।
वहीं, लक्ष्य फाउंडेशन के सहयोग से प्रोजेक्ट रिबॉर्न के तहत 10 हजार किलो प्लास्टिक से 100 से अधिक टी-शर्ट्स और 4 कचरे दान तैयार किए गए हैं। परियोजना की शुरुआत एक कॉपीराइट वेस्ट सेग्रीगेशन इनिशिएटिव से हुई, जिसके तहत ई-हैंडबुक और जागरूकता अभियान सोशल मीडिया व व्हाट्सएप के माध्यम से चलाए गए।
इसके बाद एक संरचित प्लास्टिक संग्रह अभियान शुरू हुआ। पुनः उपयोग योग्य प्लास्टिक को इकट्ठा कर प्रोसेस किया गया और इसका उपयोग बेंच, टी-शर्ट्स और कचरे दान जैसे उपयोगी उत्पादों में किया गया।
प्रोजेक्ट रिबॉर्न के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की 5 महिलाओं को प्रशिक्षण देकर इस प्रक्रिया में जोड़ा गया, जिन्होंने टी-शर्ट्स की बिक्री से प्रति व्यक्ति 20 हजार तक की आय अर्जित की। साथ ही, कचरा संग्रह और छंटाई में लगे कर्मचारियों को भी प्रोत्साहन दिया गया।
30 टी-शर्ट्स सरकारी बॉयज हॉस्टल, एनआईटी फरीदाबाद में बच्चों को भेंट की गई। मानव रचना में लगाए गए जागरूकता स्टॉल पर छात्रों और आगंतुकों ने इन पहलों से जुड़ी जानकारी प्राप्त की। स्टॉल पर 12 हजार की बिक्री भी हुई, जिसे भविष्य की परियोजनाओं में उपयोग किया जाएगा।

