May 18, 2024

सरकारी ड्यूटी के दौरान डॉक्टर पर किया हमला

Faridabad/Alive News: बीके अस्पताल में रात के वक्त इमरजेंसी ड्यूटी कर रहे एक डॉक्टर पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया। हमले में डॉक्टर को काफी चोटें भी आई है। डॉक्टर की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है।

फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ की गर्ग कॉलोनी निवासी डॉ. रामनिवास ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बादशाह खान (बीके) सरकारी अस्पताल में मेडिकल ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं। रात इमजरेंसी वार्ड में उनकी ड्यूटी थी। रात करीब ढाई से 3 बजे के बीच दो नौजवान लड़के घायल अवस्था में अस्पताल के रूम नंबर 39 में आए। एक लड़के को नाक पर चोट थी और वह बोलने की हालात में नहीं था। दूसरे लड़के को सिर में चोट लगी थी।

दोनों का बिना देरी किए इलाज शुरू कर दिया। इन लड़कों के हाव -भाव से ऐसा प्रतीत हो रहा था कि उन्होंने शराब पी रखी हो और उनका एक्सीडेंट हुआ हो। डॉक्टर का कहना है कि इनमें से एक ने फोन कर बाहर से दो तीन लड़कों को बुला लिया। बाहर से बुलाए गए लड़के आते ही बहसबाजी करने लगे। जब उन्हें ऐसा करने से मना किया गया तो उन तीनों ने मिलकर थप्पड़, मुक्के, लात घूंसे मारने शुरू कर दिए। शोर मचाने पर अन्य स्टाफ ने हमलावरों से बीच बचाव करके छुड़ाया।

वारदात के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और डॉक्टर की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया। साथ ही पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें दो आरोपी अक्षय और सचिन रोहतक जिले के रहने वाले है। जबकि तीसरा आरोपी विनीत यूपी के जिला सहारनपुर के गांव लाखनौर का रहने वाला है। साथ ही बताया जा रहा है कि तीनों एक प्राइवेट स्कूल में अध्यापक है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।